दर्दनाक हादसा : ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बेकाबू बस, पांच की मौत

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। घर NH-727 के किनारे स्थित होने के कारण समारोह के दौरान सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और भीड़ को रौंदते हुए आगे निकल गई।

दो की मौके पर मौत, तीन ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सामने से आ रहा था गैस सिलेंडर लदा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बस का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में जा घुसी। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह मान रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक NH-727 पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दर्दनाक हादसा : ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बेकाबू बस, पांच की मौत

Sat Aug 22 , 2026
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग (NH-727) पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!