कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन

  • पुलिस स्मृति दिवस पर गोपेश्वर में शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित
  • दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

गोपेश्वर (चमोली)। देश की सुरक्षा और शांति के लिए कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस जवानों की शहादत को चमोली पुलिस ने नमन किया। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित शहीद स्थल पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। दो मिनट का मौन रखकर उनके अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

देशभर में एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्य पालन के दौरान पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के 154 अधिकारी-कर्मचारी वीरगति को प्राप्त हुए। इनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद कुमार भी शामिल हैं। चमोली पुलिस ने सभी शहीदों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिले के सभी थानों और चैकियों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि देश की सुरक्षा, शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसजनों का त्याग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

हॉट स्प्रिंग्स की शहादत से जुड़ा है स्मृति दिवस

21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों की शहादत और कर्तव्य के दौरान प्राण गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शादी की खुशियों के बीच रोपे फलदार पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Thu Oct 22 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। शादी में खुशियों की सौगात तो हर कोई देता है, लेकिन कोई पौधा रोपकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली का उपहार दे, तो यह पहल मिसाल बन जाती है। गोपेश्वर में डाली लगोला, जीवन बचोला अभियान के प्रणेता पर्यावरण प्रेमी सुधीर तिवारी ने दो विवाह समारोहों में […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!