राशनकार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, मेरा केवाईसी ऐप से घर बैठे होगी सुविधा

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में समस्त राशनकार्ड धारकों को शासन के निर्देशानुसार सभी राशनकार्ड एवं उनमें दर्ज प्रत्येक यूनिट की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इस प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा ‘मेरा केवाईसी ऐप’ जारी किया गया है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे भी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि ई-केवाईसी के लिए राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य का आधार कार्ड होना आवश्यक है। साथ ही आधार कार्ड से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर भी अनिवार्य रहेगा, क्योंकि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त होगा। फेस ऑथेंटिकेशन के लिए स्मार्टफोन का कैमरा बेहतर गुणवत्ता का होना चाहिए तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी भी सुचारु होनी आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी कराने में कठिनाई हो रही हो, वे राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ अपनी नजदीकी उचित दर की दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। ‘मेरा केवाईसी ऐप’ के माध्यम से ई-केवाईसी करने के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर अथवा ऐप स्टोर से ‘मेरा केवाईसी ऐप’ डाउनलोड एवं इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ‘आधार फेस आरडी’ ऐप भी डाउनलोड करना आवश्यक होगा। ऐप में लॉगिन कर ‘सेलेक्ट स्टेट’ में उत्तराखंड का चयन करते हुए ‘वेरिफाई लोकेशन’ पर क्लिक करना होगा।

इसके बाद उपभोक्ता को 12 अंकों का आधार नंबर दर्ज करना होगा। आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अंकित करने के बाद संबंधित जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी। इसके उपरांत ‘फेस केवाईसी’ विकल्प पर क्लिक करते ही फोन का कैमरा चालू हो जाएगा, जिसमें चेहरे को समान दूरी पर रखते हुए आँखों की पलकें झपकानी होंगी। प्रक्रिया पूर्ण होने पर स्क्रीन पर ‘ई-केवाईसी सक्सेसफुल’ का संदेश प्रदर्शित होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे अपने राशनकार्ड एवं परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत मिलने वाले लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त होते रहें।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कृष्णापुर में भूस्खलन व बोल्डरों से निपटने के लिए कुमाऊं आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

Thu May 14 , 2026
नैनीताल : कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल जनपद के कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन एवं पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर समस्याएं सुनीं और मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!