देहरादून : सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में सेवारत पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेशभर में सेवारत पूर्व सैनिकों को दुर्गम क्षेत्रों में लंबे समय तक सेवा देने के बाद स्थानांतरण में छूट प्रदान करने के संबंध में एक पत्र सौंपा।
हल्द्वानी से आए प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सेवारत पूर्व सैनिक वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों में सेवा देने के बाद सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होते हैं। इसके बाद जब वे राज्य सरकार की सेवा में आते हैं, तो उन्हें पुनः 15 से 20 वर्षों तक दुर्गम क्षेत्रों में ही कार्य करना पड़ता है, जबकि उन्हें कभी भी सुगम क्षेत्र में सेवा का अवसर नहीं मिलता। उन्होंने स्थानांतरण अधिनियम 2017 में आवश्यक संशोधन करने की मांग की।
मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि सेवारत पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान हेतु सरकार संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी। उन्होंने कहा कि इस विषय में शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर बलवंत सिंह गैड़ा, शमशेर सिंह, दिनेश चंद्र, सुरेंद्र सिंह भंडारी, दीपेंद्र चंद्र, दलीप सिंह रावत, गोविंद सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
The post सेवारत पूर्व सैनिकों के स्थानांतरण में छूट की मांग first appeared on doonvoice.

