साइबर ठगी : निवेश के नाम पर महिला से 69 लाख रुपये ठगे

देहरादून में साइबर ठगों द्वारा बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला को निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर 69 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड निवासी महिला, जो एक गृहिणी हैं, ने 10 फरवरी को फेसबुक पर आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड के नाम से जुड़ा एक निवेश विज्ञापन देखा। विज्ञापन में कम समय में अधिक लाभ का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद महिला को एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर संपर्क करने पर खुद को “कावेरी मल्होत्रा” बताने वाली महिला ने निवेश संबंधी जानकारी दी और एक फॉर्म भरवाया।

इसके बाद पीड़िता को एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया और लॉगिन आईडी व पासवर्ड देकर एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दिखाया गया, जहां निवेश की राशि बढ़ती हुई दिखाई देती थी। 17 फरवरी को महिला ने शुरुआत में 50 हजार रुपये निवेश किए, जो प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित भी हुए।

ठगों के झांसे में आकर महिला ने अधिक मुनाफे के लालच में लगातार निवेश बढ़ाया। 25 मार्च तक उसने अपने और अपने पति के खातों के अलावा लोन व कर्ज लेकर कुल 69 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए।

जब महिला ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने 50 लाख रुपये “सिक्योरिटी” के नाम पर और जमा करने की मांग की। इस पर महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सड़क निर्माण से बदला पहाड़ का भविष्य, आवागमन हुआ सुगम और सुरक्षित

Sun Apr 12 , 2026
पौड़ी : पहाड़ी क्षेत्रों में विकास की नयी तस्वीर अब सड़कों के रूप में उभर रही है। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ गांव, जो कभी दुर्गम रास्तों और लंबी यात्रा के लिए पहचाने जाते थे, अब बेहतर सड़क संपर्क से तेजी से मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। राज्य सरकार की […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!